‘पुष्पा 2’ की धाकड़ कमाई के बीच गिरफ्तार हुए अल्लू अर्जुन
फिल्म ‘पुष्पा-2 द रूल’ की जबरदस्त कमाई के बीच अल्लू अर्जुन गिरफ्तार हो गए हैं। अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद पुलिस उनके घर से गिरफ्तार करके ले गई है। अब फैन्स के मन में सवाल है कि पुष्पा-2 के अभिनेता अल्लू अर्जुन को पुलिस ने गिरफ्तार क्यों किया। वह भी ऐसे वक्त में जब पुष्पा-2 बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। जहां अब तक यह फिल्म वर्ल्ड वाइड 1000 करोड़ रुपए कमा चुकी है। ऐसे में सभी फैन्स हैरान हैं कि अल्लू अर्जुन की अचानक गिरफ्तारी क्यों हुई? सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अल्लू अर्जुन पुलिस के साथ जाते दिख रहे हैं।

जाने क्यों हुए अल्लू अर्जुन गिरफ्तार
दरअसल, अल्लू अर्जुन की यह गिरफ्तारी 4 दिसंबर की घटना से जुड़ी है। 4 दिसंबर को हैदराबाद स्थित संध्या थियेटर में पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग हुई थी। फिल्म पुष्पा-2 की प्रीमियर के दौरान भगदड़ मची थी। उस भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी। उसी सिलसिले में अल्लू अर्जुन पर केस दर्ज था। हैदराबाद भगदड़ मामले में ही पुलिस ने एक्शन लिया है और अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि पुलिस को बगैर बताए अल्लू अर्जुन प्रीमियर में गए थे।

अल्लू अर्जुन के साथ इन पर भी केस दर्ज
अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद के संध्या थिएटर में ‘पुष्पा 2: द रूल’ की स्क्रीनिंग के दौरान रेवती नामक महिला की मौत से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की एफआईआर में पुष्पा स्टार अल्लू अर्जुन का भी नाम है। एक्टर अल्लू अर्जुन को चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। पुलिस ने पांच दिसंबर को महिला के परिवार की ओर से दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 105 और 118 (1) के तहत चिक्कड़पल्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया था।

यह है पूरा मामला
बता दे कि, 4 दिसंबर को हैदराबाद में एक झलक पाने के लिए रात को संध्या थिएटर में भारी भीड़ जुट गई। जिसकी वजह से अफरा-तफरी मच गई थी। अचानक मची भगदड़ में अल्लू अर्जुन के आने के बाद 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई थी। इसमें उसका आठ वर्षीय बेटा घायल हो गया था। बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अल्लू अर्जुन इस इवेंट में म्यूजिक डायरेक्टर देवी श्री प्रसाद के साथ शामिल हुए थे। इसी दौरान थिएटर का मेन गेट गिर गया, जिससे भगदड़ मच गई और इस भगदड़ में महिला की मौत हो गई।

Written By: – Pooja Singh