इंदौर में अनोखा दशहरा
इंदौर में अनोखा दशहरा: रावण नहीं, 11 मुखी शूर्पणखा का होगा दहन
इंदौर के महालक्ष्मी नगर मेले मैदान में इस साल दशहरा पर्व कुछ अलग अंदाज में मनाया जाएगा। जहां हर साल रावण दहन होता है, वहीं इस बार 11 मुखी शूर्पणखा का पुतला दहन किया जाएगा। इस पुतले पर उन चर्चित महिला अपराधियों की तस्वीरें लगाई जाएंगी, जिन्होंने पति या बच्चों की हत्या जैसे गंभीर अपराध किए हैं।
इस पहल के तहत सोनम रघुवंशी और मुस्कान जैसी अपराधों में शामिल रही महिलाओं के चेहरे पुतले पर दर्शाए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इस बार दशहरे का संदेश केवल बुराई पर अच्छाई की जीत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह समाज में बढ़ते महिला अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने का भी माध्यम बनेगा।
इस अनोखी पहल को ‘अनोखी पत्नी पीड़ित संस्था’ द्वारा आयोजित किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य है कि समाज यह समझे कि अपराध का कोई लिंग नहीं होता। जिस प्रकार पुरुष अपराधी समाज के लिए कलंक होते हैं, उसी तरह महिलाएं भी अपराध की राह पर चलकर समाज को चोट पहुंचाती हैं।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा और इसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी की उम्मीद है।यह प्रयोग समाज में एक नई सोच को जन्म देने वाला है, जहां त्योहारों को केवल परंपरा से जोड़कर न देखकर, उन्हें सामाजिक संदेश और जागरूकता फैलाने का मंच भी बनाया जा सकता है।–
