पीएम नरेन्द्र मोदी ने आज चिनाब रेलवे ब्रिज का किया श्री गणेश
रिपोर्ट: पूजा सिंह
साभार: न्यूज 18
फोटो साभार: गूगल

आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चिनाब रेलवे ब्रिज का श्री गणेश किया है। चिनाब ब्रिज जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में बनाया गया है। इस ब्रिज ने दुनिया भर में सुर्खियां बटोर ली है। यह ब्रिज न सिर्फ इंजीनियरिंग का एक अद्भुत नमूना है, बल्कि इसने ऊंचाई के मामले में पेरिस के मशहूर एफिल टावर को भी पीछे छोड़ दिया है।

यह चिनाब ब्रिज एक स्टील और कंक्रीट से बना आर्च ब्रिज है जो रियासी जिले के बक्कल और कौरी गांवों को जोड़ता है।यह चिनाब नदी के ऊपर बना है और नदी के तल से इसकी ऊंचाई 359 मीटर (लगभग 1,178 फीट)है। यह इसे दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाता है। तुलना करें तो पेरिस का एफिल टावर 324 मीटर ऊंचा है यानी चिनाब ब्रिज उससे 35 मीटर ज्यादा ऊंचा है।


दिल्ली का कुतुब मीनार जो 72 मीटर ऊंचा है, इसके सामने करीब 5 गुना छोटा लगता है। इस ब्रिज की कुल लंबाई 1,315 मीटर (लगभग 4,314 फीट) है, जिसमें इसका मुख्य आर्च 467 मीटर लंबा है। यह आर्च इसे दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल-आर्च रेलवे ब्रिज भी बनाता है। यह ब्रिज उद्धमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका मकसद जम्मू-कश्मीर को रेल नेटवर्क से जोड़ना है।

इसे बनाने में करीब 28,660 मीट्रिक टन स्टील का इस्तेमाल हुआ और इसकी लागत लगभग 1,486 करोड़ रुपये रही। यह ब्रिज हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों में बना है,जहां भूकंपीय जोन-5 की वजह से भूकंप का खतरा रहता है। इसके बावजूद इसे 8 तीव्रता के भूकंप और 266 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं को झेलने के लिए डिजाइन किया गया है।