Raja Murder Case: प्रेमी संग मिल पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट
रिपोर्ट: पूजा सिंह
साभार: नव भारत टाइम्स
फोटो साभार: गूगल

मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि राजा की हत्या कराने में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी का हाथ था। उसने ही भाड़े के हत्यारे बुलाए थे। बता दें कि, मध्यप्रदेश के इंदौर के राजा रघुवंशी की मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठ गया है। राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी पर ही उसे मारने का आरोप है। ये कपल इंदौर से हनीमून के लिए मेघालय गए थे, जहां राजा रघुवंशी की हत्या हो जाती है।

राजा का शव मिलने के बाद 17 दिनों तक सोनम लापता थी और हर कोई उसे विक्टिम समझ रहा था। शुरुआत में लग रहा था कि उसके पति राजा की किसी ने हत्या कर दी और वो भी लापता है। वहीं इस बीच आज सोनम यूपी के गाजीपुर के एक ढाबे पर मिली। मेघालय के डीजीपी ने बताया कि सोनम ने खुद गाजीपुर की पुलिस को फोन करके सरेंडर किया है। मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी मर्डर केस से जुड़े 3 लोगों को भी हिरासत में लिया है।

तीनों आरोपी इंदौर के रहने वाले हैं। इंदौर पुलिस भी इस छानबीन में मेघालय पुलिस की सहायता कर रही है। मेघालय पुलिस जल्द ही राजा रघुवंशी की हत्या से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा करेगी।
11 मई को सोनम रघुवंशी और राजा रघुवंशी की शादी हुई। इसके बाद दोनों 20 मई को मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने गए, लेकिन 23 को दोनों लापता हो गए। कुछ दिन बाद 2 जून को वेइसावडॉन्ग झरने के पास राजा का शव गहरी खाई में मिला। शव की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू से हुई, लेकिन सोनम का अभी भी कोई सुराग नहीं था।

राजा की छिपाई गई लाश का मिलना ही जांच का टर्निंग प्वाइंट था, उसी के बाद लापता सोनम शक के दायरे में आ गई थी। यहां के एक गाइड की गवाही इस मर्डर मिस्ट्री में बड़ा ट्विस्ट लाई। मेघालय के इस गाइड ने बताया कि उसने राजा और सोनम को 23 मई को तीन पुरुषों के साथ जाते देखा था। यहीं से पुलिस को तीनों संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिली।



दरअसल, राजा की मां ने बताया कि सोनम ने ही हनीमून का प्लान बनाया था और उसी ने टिकट बुक की थी। हालांकि, पुलिस को एक कड़ी ये भी मिली कि सोनम ने जाने की टिकट तो बुक करवाई थी, लेकिन वापसी की टिकट नहीं बुक करवाई थी।
वहीं सोनम की गिरफ्तारी के बाद कई खुलासे हुए हैं। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि सोनम और उसके परिवार का प्लाईवुड का व्यापार था। इसी दुकान में राज कुशवाहा नाम का कर्मचारी काम करता था। सोनम और राज का काफी लंबे समय से अफेयर चल रहा था। सोनम खुद से पांच साल छोटे कर्मचारी से प्रेम करती थी, शादी के 6 दिन बाद ही उसने हत्या की योजना बना ली थी।

जहां शिलांग में राज कुशवाहा के 3 दोस्त सोनम का इंतजार कर रहे थे। गाइड ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि शिलांग में राजा और सोनम अकेले नहीं थे बल्कि उनके साथ 3 अन्य लोग भी मौजूद थे। चारों ने मिलकर राजा को मौत के घाट उतारा और उसके शव को छिपाने के लिए गहरी खाई में फेंक दिया।