टीवी जगत के इस मशहूर अभिनेता ने दुनिया को कहा अलविदा
रिपोर्ट: पूजा सिंह
संपादित (edited by): रजत रंजन
साभार: न्यूज इंडिया
फोटो साभार: गूगल
टेलीविज़न जगत से एक दुखभरी खबर सामने आई है। दरअसल, टीवी जगत के अभिनेता विभु राघव अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका निधन 2 जून 2025 को मुंबई के नानावटी अस्पताल में हुआ। वो पिछले कुछ समय से स्टेज 4 कोलन कैंसर से लड़ रहे थे।

विभु राघव, जिनका असली नाम वैभव कुमार सिंह राघव था, काफी लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। वे अक्सर अपनी तबीयत और इलाज से जुड़ी बातें सोशल मीडिया पर शेयर करते थे। जिससे उनके फैंस को भी हिम्मत मिलती थी, लेकिन पिछले एक महीने से वे सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं थे। जिससे उनके चाहने वालों में चिंता बढ़ गई थी।

उनके निधन की पुष्टि उनके करीबी दोस्त और टीवी जगत के कलाकारों सिंपल कौल, कावेरी प्रियम और करणवीर मेहरा ने की। करणवीर ने एक भावुक पोस्ट में लिखा, “तू चला गया दोस्त, लेकिन तेरी मुस्कान हमेशा दिल में जिंदा रहेगी।”

कैंसर की गंभीर हालत की वजह से विभु पिछले कुछ सालों से किसी भी प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन पाए। इलाज के लिए उन्हें आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ा। ऐसे में उनके दोस्तों और सहकर्मियों ने सोशल मीडिया के जरिए फंड जुटाने की अपील की थी। इसके बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपनी जिंदादिली से सभी को प्रेरित किया।

अभिनेता विभु ने ‘निशा और उसके कजिन्स’ और ‘सावधान इंडिया’ जैसे लोकप्रिय टीवी शोज़ में शानदार अभिनय किया है। वे इंडस्ट्री में सौम्या टंडन, अनेरी वजानी और सिंपल कौल जैसे कलाकारों के बहुत करीबी माने जाते थे।
