ईरान-इजरायल युद्ध के बीच अमेरिका ने भी किया हमला
रिपोर्ट: पूजा सिंह
साभार: एनडीटीवी
फोटो साभार: गूगल

इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर गया है। संघर्ष विराम के लिए स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ईरान और यूरोपीय देशों के बीच हुई बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकला है। वहीं इस्राइल ने कहा है कि वह लंबे सैन्य अभियान के लिए तैयार है। दोनों पक्षों के बीच लगातार जारी हमलों के बीच अमेरिका भी खुलकर युद्ध में कूद गया है। अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर सफल हमले का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे ऐतिहासिक क्षण करार दिया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले की पुष्टि की है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘हमने ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर अपना बहुत सफल हमला पूरा कर लिया है, जिसमें फोर्डो, नतांज और एस्फाहान शामिल हैं। सभी विमान अब ईरान के हवाई क्षेत्र से बाहर हैं। प्राथमिक स्थल, फोर्डो पर बमों का पूरा पेलोड गिराया गया। सभी विमान सुरक्षित रूप से वापस लौट रहे हैं।’ डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दुनिया में कोई दूसरी सेना नहीं है, जो ऐसा कर सकती थी। अब शांति का समय है।’

वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दी है। ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका युद्ध में शामिल हुआ तो बेहद खतरनाक होगा।
अमेरिका द्वारा ईरान के तीन न्यूक्लियर साइट पर हमले के बाद बेंजामिन नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई है। दोनों ही शीर्ष नेताओं के बीच ईरानी न्यूक्लियर साइट पर किए गए हमले को लेकर ये बातचीत हुई है।

ईरान ने भी खुले तौर पर अमेरिका को धमकी दी है। सरकारी टेलीविजन पर ईरान की ओर से कहा गया कि अमेरिकी सेना और वहां के नागरिक अब हमारे टार्गेट पर हैं।
अमेरिका द्वारा ईरान के तीन न्यूक्लियर साइट पर हुए हमले को लेकर बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इससे इतिहास बदलेगा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि ट्रंप का फैसला बेहद साहसिक है।

ईरान पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्र को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी सेना की तारीफ की है। साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को धन्यवाद किया है।
राष्ट्र के नाम संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान पिछले 40 सालों से धमाके कर रहा था। अभी भी कई टार्गेट बचे हैं। इनको भी तबाह कर दिया जाएगा।


डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान की तीन न्यूक्लियर साइट पर हमला किया है। राष्ट्र के नाम संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘हमारा उद्देश्य ईरान की न्यूक्लियर साइट को नष्ट करना और दुनिया के नंबर एक आतंकवाद प्रायोजक देश द्वारा उत्पन्न परमाणु खतरे को रोकना था। आज रात मैं दुनिया को बता सकता हूं कि ये हमले एक शानदार सैन्य सफलता थी। ईरान की प्रमुख न्यूक्लियर साइट पूरी तरह से नष्ट कर दी गई हैं।’

वहीं इस बीच भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से बात की। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘हमने मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। हाल ही में हुई तनातनी पर गहरी चिंता व्यक्त की। आगे बढ़ने के लिए तत्काल तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति के लिए अपना आह्वान दोहराया और क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता की जल्द बहाली की बात कही।’