Sarkari ration vitaran par uthe sawal Banmankhi
written by Bitu kumar journalist
बनमनखी में सरकारी राशन वितरण पर उठे सवाल, उसना चावल उपलब्ध कराने की मांगबनमनखी (पूर्णिया)(बिट्टू कुमार)-राष्ट्रीय जनता दल के बनमनखी प्रखंड कोषाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध यादव ने बनमनखी प्रखंड के सभी पंचायतों में अगस्त माह के सरकारी राशन वितरण को लेकर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।उन्होंने कहा कि सरकार के प्रावधान के अनुसार लाभुकों को उसना चावल उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन बनमनखी प्रखंड के अधिकांश पंचायतों में अगस्त माह के लिए अरवा चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। जानकारी लेने पर संबंधित स्तर से यह पता चला कि इस माह के लिए अरवा चावल ही आवंटित किया गया है।सुबोध यादव ने कहा कि पूर्णिया जिले के धमदाहा प्रखंड में लाभुकों को नियमित रूप से उसना चावल वितरित किया जाता है। ऐसे में बनमनखी प्रखंड के लाभुकों को भी उसी प्रकार उसना चावल उपलब्ध कराया जाए, ताकि सभी जनवितरण प्रणाली (सरकारी राशन) के दुकानदार लाभुकों के बीच उसी का वितरण कर सकें।
उन्होंने कहा कि एक ही सरकार, एक ही विभाग और एक ही जिले के दो प्रखंडों में अलग-अलग व्यवस्था होना उचित नहीं है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि बनमनखी प्रखंड, विशेषकर ग्राम पंचायत रामपुर तिलक में कई बार राशन दुकानदारों को निम्न गुणवत्ता का अरवा चावल उपलब्ध कराया जाता है, जिससे लाभुकों में असंतोष है। उनकी मांग है कि भविष्य में धमदाहा प्रखंड की तरह बनमनखी प्रखंड में भी नियमित रूप से अच्छी गुणवत्ता का उसना चावल उपलब्ध कराया जाए।सुबोध यादव ने बनमनखी के वर्तमान विधायक श्री कृष्ण कुमार ऋषि से भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्री ऋषि लगातार पाँच बार विधायक रह चुके हैं तथा बिहार सरकार में दो बार मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में वे इस जनहित से जुड़े मुद्दे पर संबंधित विभाग से हस्तक्षेप कर बनमनखी के सभी लाभुकों को उसना चावल उपलब्ध कराने की दिशा में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अंत में उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से भी मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर बनमनखी प्रखंड के सभी लाभुकों को शीघ्र उसना चावल उपलब्ध कराया जाए, ताकि सभी को समान एवं गुणवत्तापूर्ण राशन मिल सके।
