ICAR और ICMR ने शुरु किया SEHAT मिशन
ICAR और ICMR ने शुरू किया ‘SEHAT मिशन’, कृषि और स्वास्थ्य को जोड़ने की बड़ी पहल।
नई दिल्ली में 11 मई 2026 को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने संयुक्त रूप से ‘SEHAT मिशन’ लॉन्च किया।
SEHAT यानी “Science Excellence for Health through Agricultural Transformation” एक राष्ट्रीय मिशन है, जिसका उद्देश्य कृषि, पोषण और सार्वजनिक स्वास्थ्य को एक साथ जोड़ना है।इस मिशन का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में किया गया।
कार्यक्रम में कृषि एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के कई वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।सरकार के अनुसार, SEHAT मिशन का मुख्य उद्देश्य देश में कुपोषण, पोषण की कमी और मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों से मुकाबला करना है।
इसके लिए पोषणयुक्त और बायोफोर्टिफाइड फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा।मिशन के तहत किसानों को ऐसी फसलें उगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए अधिक लाभकारी हों। साथ ही पारंपरिक और पोषण से भरपूर अनाज जैसे बाजरा, रागी और ज्वार को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि बदलती जीवनशैली और खानपान के कारण देश में गैर-संचारी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र को एक साथ जोड़कर काम करना समय की जरूरत बन गया है।
SEHAT मिशन के अंतर्गत पोषणयुक्त फसलों का विकास, किसानों के स्वास्थ्य की सुरक्षा, एकीकृत कृषि प्रणाली को बढ़ावा और “वन हेल्थ” निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरकार का कहना है कि यह मिशन “खेत से थाली और थाली से बेहतर स्वास्थ्य” की सोच को मजबूत करेगा। आने वाले समय में इससे किसानों की आय बढ़ाने, लोगों के पोषण स्तर में सुधार लाने और देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
